भाजपा प्रशिक्षण महाभियान का समापन, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा
धमतरी, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के शहर इकाई द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का दो दिवसीय कार्यक्रम शुक्रवार को उत्साह और संगठनात्मक जोश के साथ संपन्न हुआ। समापन सत्र में महापौर रामू रोहरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से रखा।
उन्होंने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, आवास और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति देखने को मिली है।
महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों लोगों को पक्के मकान मिले हैं, वहीं उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से राहत देकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, जिससे गंभीर बीमारियों का इलाज संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रही है और धमतरी सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। शहर में सड़क, नाला, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महापौर ने कहा कि ऐसे शिविर कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ संगठनात्मक कौशल विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। इसमें पार्टी की रीति-नीति, इतिहास, सिद्धांत और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी दी गई, ताकि कार्यकर्ता आम जनता से प्रभावी संवाद स्थापित कर सकें।।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया की भूमिका और आगामी चुनाव रणनीति जैसे विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने मार्गदर्शन दिया। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा