अंबिकापुर : भाजपा का दो दिवसीय महा प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, कार्यकर्ताओं में भरा नया जोश
अंबिकापुर, 31 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले के लखनपुर में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग का सफल आयोजन किया गया। नगर के नवीन सामुदायिक भवन में आयोजित इस प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लेकर संगठनात्मक और वैचारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों ने पार्टी के इतिहास और योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उद्घाटन सत्र में भरत सिंह सिसोदिया ने पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती पर प्रकाश डाला, वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरकार की योजनाओं और संगठन की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में अलग-अलग वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन के सिद्धांत, कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अंबिकेश केसरी, फुलेश्वरी सिंह, नितेश सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। प्रथम दिवस में प्रशिक्षण के साथ रात्रि विश्राम, भोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहा।
दूसरे दिन के सत्रों में धनंजय द्विवेदी, मनोज गुप्ता और राधेश्याम ठाकुर ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। सभी वक्ताओं ने पार्टी के इतिहास, नीति और संगठनात्मक ढांचे को लेकर कार्यकर्ताओं की समझ को और मजबूत किया।
कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महामंत्री विनोद हर्ष सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, महामंत्री सचिन बंसल और पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस प्रशिक्षण वर्ग ने कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और वैचारिक स्पष्टता का संचार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह