संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी समरसता संकल्प अभियान, जांजगीर-चांपा में निकलेगी कलश यात्रा

 


जांजगीर-चांपा, 03 अगस्त (हि. स.)। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिलेभर में समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने साेमवार काे बताया कि इस अभियान के माध्यम से संत रविदास के जीवन दर्शन, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

अम्बेश जांगड़े ने कहा कि संत रविदास समाज में समानता, एकता और मानवता के प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं। भाजपा द्वारा शुरू किया जा रहा यह अभियान संत रविदास के संदेशों को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक एकता और समावेशिता का संकल्प लेने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पूरे जिले में कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा जिले के विभिन्न क्षेत्रों और मंडलों में पहुंचेगी, जहां लोगों से संपर्क कर संत रविदास के विचारों और उनके आदर्शों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के निमित्त आयोजित इस अभियान की शुरुआत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और जल कलश से होगी। राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में साधु-संतों की उपस्थिति में कलश का पूजन किया गया। इसके बाद 4 अगस्त को रायपुर के पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के साधु-संत और विभिन्न समाजों के प्रमुखों की उपस्थिति रहेगी। इस दौरान वाराणसी से लाए गए पवित्र माटी और जल कलश प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को सौंपे जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के 479 मंडलों में कलश वितरण कर अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

अम्बेश जांगड़े ने कहा कि यह पवित्र कलश जांजगीर-चांपा जिले में भ्रमण करेगा और संत रविदास के समरस समाज के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचने और संत रविदास के विचारों के आधार पर एकता, समानता और सद्भाव का वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT