छग : भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर मंथन, संत रविदास जयंती और तिरंगा अभियान की बनी रणनीति

 






रायपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंगलवार को भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय एवं लता उसेंडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए गए ‘12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत जिलों में आयोजित संपर्क अभियान, सेमिनार और संगोष्ठियों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए किए गए कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर 23 जून से 6 जुलाई तक आयोजित कार्यक्रमों की भी बैठक में समीक्षा की गई। इसके अलावा 25 जून को मनाए गए आपातकाल दिवस के तहत हुए कार्यक्रमों और अब तक के संगठनात्मक अभियानों की जानकारी ली गई।

डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि, आगामी कार्यक्रमों में संत रविदास की 650वीं जयंती को लेकर विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत 23 जुलाई से एक बड़ी कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वाराणसी में संत रविदास का भव्य स्मारक तैयार किया जा रहा है। वहां से टीम 27 जुलाई को मिट्टी और जल लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचेगी, जिसे प्रदेश के प्रमुख देवी स्थलों और मंदिरों में ले जाकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम’ अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत तिरंगा यात्राएं, रैलियां और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में इन अभियानों की तैयारियों और संगठन स्तर पर उनकी रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर