नक्सल व सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों के लिए भाजपा महिला मोर्चा ने भेजा रक्षा सूत्र

 




एसपी भावना पांडे की कलाई पर राखी बांधकर दी रक्षाबंधन की अग्रिम बधाई

धमतरी, 11 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी जिला महिला मोर्चा धमतरी की बहनों ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जांबाज जवानों के लिए राखी, मिश्री-चावल और तिलक भेजकर भाई-बहन के स्नेह के साथ देशसेवा में जुटे सैनिकों के प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश दिया।

मंगलवार को महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी भावना पांडे की कलाई पर राखी बांधी और रक्षाबंधन की अग्रिम बधाई दी। साथ ही पुलिस अधीक्षक के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सभी जवानों तक रक्षा सूत्र पहुंचाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेत्री पार्वती वाधवानी, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा विधिका विश्वास, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा अनीता यादव, महामंत्री प्रियंका सिन्हा सहित महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

महिला मोर्चा की बहनों ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के घने जंगलों और दुर्गम इलाकों में जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात लोगों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। जब देशभर में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाती हैं, तब ये जवान अपने कर्तव्य के कारण परिवार से दूर जंगलों में मोर्चा संभाल रहे होते हैं। कई जवान छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पंजाब, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से आकर देश और प्रदेश की सुरक्षा में अपना योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनकी कलाई राखी से सूनी न रहे, इसी भावना के साथ भाजपा महिला मोर्चा पिछले करीब 22 वर्षों से लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों के लिए रक्षा सूत्र भेजता आ रहा है।

महिला मोर्चा ने संदेश दिया कि जंगलों में कठिन परिस्थितियों, सीमित सुविधाओं और जान जोखिम में डालकर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले जवानों के साथ पूरा समाज खड़ा है। रक्षा सूत्र के माध्यम से बहनों ने जवानों के सुरक्षित रहने और जल्द अपने परिवार के बीच लौटने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक भावना पांडे एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों को तिलक लगाकर विजय की शुभकामनाएं दी गईं, इसके बाद राखी बांधकर मुंह मीठा कराया गया। महिला मोर्चा की बहनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों एवं अन्य पुलिसकर्मियों को भी रक्षा सूत्र बांधा।

महिला मोर्चा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं और आने वाले समय में ऐसा दिन आएगा, जब नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवान सुरक्षित रूप से अपने परिवार के बीच लौट सकेंगे। इस अवसर पर हेमलता शर्मा, मोनिका देवांगन, पूजा पवन कुंजल, डाली सोनी, चितारेखा निर्मलकर, नीतू त्रिवेदी सहित महिला मोर्चा की अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा