भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने आईईडी विस्फोट में जवानों की शहादत पर जताया गहरा शोक
रायपुर 02 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में डी-माइनिंग और सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार को हुए दुर्भाग्यपूर्ण आईईडी विस्फोट में बलिदान हुए डीआरजी के चार जाँबाज जवानों इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढपाले और कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने अपने शोक संदेश में कहा कि बस्तर की शांति और सुरक्षा के लिए हमारे जवानों का यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमारे वीर जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए जनता की रक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर की है। देव ने ईश्वर से वीर बलिदानाें की पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
देव ने कहा कि माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों और निर्दोष ग्रामीणों को नुकसान पहुँचाने के इरादे से बिछाए गए आईईडी को हमारे सतर्क जवान लगातार बरामद कर निष्क्रिय कर रहे हैं। हाल के महीनों में सैकड़ों आईईडी बरामद कर बड़ी घटनाओं को टाला गया है, किंतु आज की यह आकस्मिक दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। देव ने कहा कि राज्य सरकार और संगठन पूरी तरह से बलिदान जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल