मोदी सरकार के 12 वर्षों में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी : अखिलेश सोनी
धमतरी, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय गोविंद सारंग भवन धमतरी में मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए विश्व मंच पर अपनी एक मजबूत और निर्णायक पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि आज भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा पहले की तुलना में कहीं अधिक सशक्त हुई है और देश आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के संकल्प की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, घोटालों और नीति पक्षाघात की चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई दिशा और नई गति प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया है। मोदी सरकार ने केवल योजनाओं की घोषणा नहीं की, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भी किया है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करने, सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका को प्रभावी बनाने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का पर्याय बन चुका है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लेकर गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग स्वयं को विकास की मुख्यधारा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है और विकसित भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है।
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा, पूर्व महापौर अर्चना चौबे, जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू, रोहिताश मिश्रा, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शुभम जायसवाल, राजीव सिन्हा, मोहन पुजारी सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा