भाजपा ने छत्तीसगढ़ राज्यसभा के लिए महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा को बनाया प्रत्याशी
रायपुर 03 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। मंथन के बाद 7 नामों के पैनल में से 3 नामों को अंतिम रूप दिया गया था। इनमें लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी का नाम शामिल था। पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को टिकट दिया है। शुरुआती पैनल में लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल, सरोज पांडेय, भूपेंद्र सवन्नी, किरण बघेल, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और निर्मल का नाम शामिल था। काफी देर तक चली विचार-विमर्श के बाद तीन नाम शॉर्टलिस्ट किए गए थे।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मी वर्मा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व निर्वहन कर चुकी है। रायपुर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी है। साथ ही भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वे समय-समय पर पार्टी द्वारा दिए गए कार्यों का भी जिला, मंडल एवं बूथ स्तर में बतौर कार्यकर्ता अपनी सेवाएं देती रही। वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल