डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के 26 और नेताओं ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया

 


रायपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी में हाल ही में 111 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे के बाद, अब 26 और नेताओं ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कार्यकर्ताओं ने अपना सामूहिक इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को भेजा है।

इस्तीफा देने वालों में पूर्व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री बलविंदर सिंह भाटिया सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी ने जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को संबोधित इस्तीफा पत्र भेजकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की जानकारी दी है।

इस्तीफा देने वाले नेताओं ने अपने पत्र में शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोट पर परिवारवाद, गुटबाजी और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संगठन में निर्णय कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में लिए जा रहे हैं। इससे लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा था कि उन्हें किसी भी प्रकार का इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं इस्तीफा देने वाले नेताओं का दावा है कि यह छत्तीसगढ़ में भाजपा के इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक इस्तीफा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इस घटनाक्रम की जानकारी सामने आ चुकी है, तो जिला संगठन को इसकी जानकारी कैसे नहीं मिली।

डोंगरगढ़ में भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता अनिल पांडेय के बाद नगर पालिका पार्षद अमित छाबड़ा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा