बिरसा मुंडा के संघर्ष-बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने, 18 नवंबर तक भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह

 


बीजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान देशभर के जनजाति बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में आज गुरूवार काे बीजापुर स्थित अटल सदन कार्यालय में भाजपा की ओर से पत्रकारवार्ता आयोजित की गई।

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के योगदान और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी।

विधायक अटामी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। समाज को कुरीतियों से दूर रहने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देने वाले बिरसा मुंडा को आज धरती आबा के नाम से याद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी में जनजातीय समाज के अनेक वीरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती, टंट्या भील और गोविंद गुरु जैसे महान सेनानियों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इन महापुरुषों के योगदान और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

विधायक अटामीने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर 2021 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया। इसके साथ ही जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक, संग्रहालय और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज के सम्मान एवं सशक्तीकरण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। वर्ष 2024 में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर पूरे वर्ष जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।

उन्होंने कहा कि भारत में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक निवास करते हैं तथा 720 अनुसूचित जनजातियां अधिसूचित हैं। जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं, सामूहिक जीवनशैली, प्रकृति के प्रति सम्मान और पारंपरिक ज्ञान भारतीय सभ्यता की महत्वपूर्ण पहचान हैं।

चैतराम अटामी ने कहा कि भाजपा ने जनजातीय समाज के सम्मान और विकास को प्राथमिकता दी है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। वहीं वर्ष 2022 में द्रौपदी मुर्मू देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं, जिसे जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय बताया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, जनजातीय महापुरुषों के बलिदान और समाज की गौरवशाली परंपराओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास को सम्मान दिलाने के साथ उनके अधिकार, विकास और स्वाभिमान को मजबूत करना है।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एवं प्रदेश एसटी मोर्चा मंत्री जिलाराम राना, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, प्रदेश योग आयोग समन्वयक नदकिशोर राना, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा प्रवक्ता मथियस कुजुर, जिला मीडिया प्रभारी एवं एसटी मोर्चा जिला प्रभारी प्रताप यादव, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप तेलम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी, एसटी मोर्चा जिला महामंत्री जितेंद्र लेकाम, मंडल अध्यक्ष अशोक राव सहित पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे