बिलासपुर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर का शुभारंभ

 


बिलासपुर 08 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर आज रविवार काे न्यायधानी बिलासपुर को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की एक बड़ी सौगात मिली है। बिलासपुर के राजीव गांधी चौक (ओवर ब्रिज के पास, रायपुर रोड) पर आधुनिक 'सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर' का भव्य शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के दिग्गजों और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक शामिल रहे।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में निजी क्षेत्र की सहभागिता से जनता को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सेंटर के संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सटीक जांच ही सही इलाज की पहली सीढ़ी है, और यह केंद्र बिलासपुर के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। बिलासपुर में इस तरह के आधुनिक डायग्नोस्टिक्स सेंटर का प्रारंभ होना क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे लोगों को बेहतर जांच सुविधाएं सुलभ होंगी और समय पर उपचार संभव हो सकेगा।

डायग्नोस्टिक्स सेंटर के शुभारंभ एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली 150 से ज्यादा महिला नर्सिंग स्टाफ, महिला पैरा मेडिकल कर्मियों एवं मितानिन बहनों को सम्मानित भी किया गया।

सांसद बृजमोहन ने कहा कि, समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने में उनकी समर्पित सेवा, परिश्रम और मानवीय संवेदनाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान मातृशक्ति के प्रति आदर और उनके अमूल्य योगदान को नमन करने का एक विनम्र प्रयास है।

अनुभवी विशेषज्ञों की टीम और आधुनिक सुविधाएं

सेंटर का संचालन प्रख्यात चिकित्सक डॉ. विनीत महेश्वरी, डॉ. शुभकिर्ती, डॉ. विवेक महावार, डॉ बबलेश महावार, डॉ अमन अग्रवाल, डॉ मृत्युंजय सर्राफ द्वारा किया जाएगा। डॉ विनीत माहेश्वरी ने बताया कि सिटी केयर डायग्नोस्टिक्स सेंटर में अत्याधुनिक मशीनों और अनुभवी विशेषज्ञों की टीम के माध्यम से उच्च स्तरीय जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को विश्वसनीय और त्वरित रिपोर्ट मिल सकेगी।

इस अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रारंभ होने से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

सेंटर का मुख्य उद्देश्य मरीजों को एक ही छत के नीचे सटीक, विश्वसनीय और त्वरित डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान करना है।

सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र बिलासपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और गति प्रदान करेगा तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल