बीजापुर पुलिस ने यातायात उल्लंघन पर 62 चालान काटे, 27,200 का जुर्माना वसूला
बीजापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीजापुर पुलिस ने बुधवार काे विशेष सघन जांच अभियान चलाया।
इस दौरान 62 वाहन चालकों के चालान काटे गए और उनसे कुल 27,200 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के निर्देश पर डीएसपी एवं यातायात नोडल अधिकारी विनीत साहू के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में यातायात प्रभारी केशव ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक विजय मंडावी और यातायात शाखा की टीम शामिल रही।
पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और हेलमेट, सीट बेल्ट समेत सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे