कोरबा विधानसभा में तीन करोड़ 88 लाख 25 हजार रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन

 


कोरबा, 11 नवंबर (हि. स.)। कोरबा विधानसभा में विकास कार्यों को निरंतर गति देते हुए आज बुधवार काे छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में मोतीसागरपारा में कुल 3 करोड़ 88 लाख 25 हजार रुपये की लागत के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सड़क, सामुदायिक भवन और पेयजल व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

भूमिपूजन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 07 धनुहार मोहल्ला में जयसिंह सनवाल के घर से तारा चंद्र श्रीवास के घर तक 7 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण, वार्ड क्रमांक 08 सीतामणी मोतीसागरपारा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण तथा इसी वार्ड में पूर्व पार्षद बंशीलाल महिलांगे के घर के आगे से कुष्ठ आश्रम एवं प्राथमिक शाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर 8 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

इसी क्रम में सीबीडी प्लांट एरिया बरबसपुर में 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, रिटर्निंग वॉल, बॉक्स कलवर्ट, पीचिंग कार्य, बोरवेल, पीएंडएफ एवं हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट का निर्माण किया जाएगा।

वहीं वार्ड क्रमांक 10 वैष्णो दरबार रेलवे लाइन बस्ती में 20.98 लाख रुपये की लागत से डीआई मुख्य पाइपलाइन को 150 मिमी व्यास की वितरण पाइपलाइन से जोड़ने एवं विस्तार का कार्य होगा। वार्ड क्रमांक 14 में ओचटी के पीछे से अमरावपारा एवं रेलवे कॉलोनी तक 38.23 लाख रुपये की लागत से 450 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन से वितरण पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे क्षेत्र में कम दबाव की पेयजल समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारा जा रहा है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद रूबी देवी सागर, उर्वशी राठौर, राधा महंत, सुलोचना यादव, धनश्री साहू, ईश्वर पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, संदीप सहगल, अजीत सिंह, टीकम राठौर, रीपू जायसवाल, उषा यादव, प्रमिला सागर, सुकेश दलाल, राजेंद्र राजपूत, पूर्व पार्षद बंशीलाल महिलांगे, आत्माराम गंधर्व, संतोष गुप्ता, विजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी