भोपालपटनम में नशामुक्ति जनजागरूकता रैली में स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का दिया संदेश

 


बीजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज रविवार काे भोपालपटनम नगर में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा नशामुक्ति जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नगरवासियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए।

विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित किया। रैली का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखते हुए समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने अपने संदेशों और संकल्प के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक भारत के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बीईओ विजय कोर्राम, बीआरसी यलम शंकर, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य देवी सिंह कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी, भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक आनकारी सुधाकर तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता योगेंद्र वासम की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करती है। ऐसे में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आस-पास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। अतिथियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि युवा देश की ताकत हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में आगे बढ़ेंगे, तो समाज को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता भी बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे