प्रार्थना सभा में प्रवेश पर रोक को लेकर भीम आर्मी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 


धमतरी, 22 सितंबर (हि.स.)। ईसाई प्रार्थना सभा में अन्य धर्मों के लोगों के प्रवेश पर कथित प्रशासनिक रोक और मात्र उपस्थिति को धर्मांतरण से जोड़ने के मामले में भीम आर्मी भारत एकता मिशन जिला धमतरी ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वैधानिक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में 16 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई शांति समिति की बैठक के संबंध में 17 सितंबर को प्रकाशित समाचार का हवाला देते हुए कहा गया है कि प्रार्थना सभा में किसी हिंदू व्यक्ति के पाए जाने पर उसे मतांतरण से जोड़कर शिकायत किए जाने की बात सामने आई थी।

संगठन ने सवाल उठाया कि, किसी अन्य धर्म की प्रार्थना सभा में किसी व्यक्ति की मात्र उपस्थिति को धर्मांतरण मानने का कानूनी आधार क्या है। ज्ञापन में प्रशासन से पूछा गया है कि क्या छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम या उसके नियमों में किसी हिंदू, मुस्लिम अथवा अन्य धर्म के व्यक्ति को ईसाई प्रार्थना सभा में प्रवेश करने से रोकने का प्रावधान है। यदि ऐसा कोई प्रावधान या आदेश है तो उसकी प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही गैर-सरकारी संगठनों की मांग को प्रशासनिक रोक का आधार बनाए जाने, बैठक की प्रमाणित कार्यवाही उपलब्ध कराने, संबंधित संगठनों की वैधानिक स्थिति और उनके द्वारा प्रस्तुत मांगों की प्रति देने की मांग की गई है।

संगठन ने कहा कि यदि किसी प्रार्थना सभा में बल, धोखाधड़ी, प्रलोभन या अनुचित प्रभाव के माध्यम से धर्मांतरण के प्रमाण मिलते हैं तो कानून के अनुसार जांच और कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन केवल धार्मिक सभा में उपस्थित होने को धर्मांतरण का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लेख करते हुए प्रशासन से सभी धार्मिक सभाओं के प्रति समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

भीम आर्मी ने कहा कि, वह किसी धर्म या धार्मिक समुदाय के विरुद्ध नहीं है और अवैध धर्मांतरण के खिलाफ कानून का पालन होना चाहिए, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई स्पष्ट कानूनी आधार पर होनी चाहिए। संगठन ने मांग की कि यदि बिना पर्याप्त वैधानिक आधार के कोई प्रतिबंध लगाया गया है तो उसकी तत्काल समीक्षा की जाए और इस मामले में की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन जिलाध्यक्ष मिलाप साहू के नेतृत्व में सौंपा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा