जांजगीर-चांपा में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का स्वागत, यादव समाज के साथ की अहम चर्चा
जांजगीर-चांपा, 2 मई (हि. स.)। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का क्षेत्र में आज शनिवार को यादव समाज द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने समाज के वरिष्ठ सदस्यों और युवाओं के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में सामाजिक एकता को मजबूत करने, संगठन को सशक्त बनाने और समाज के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
विधायक देवेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि, समाज के विकास के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है, वहीं वरिष्ठजनों का अनुभव और मार्गदर्शन समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी को मिलकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में यादव समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सुरेश यादव, छतराम यादव, रामचंद्र गोपाल, जवाहर यादव, दीपक यादव और नीलसागर यादव सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे। इस आयोजन ने न केवल सामाजिक एकता को मजबूत किया, बल्कि आने वाले समय में समाज के विकास के लिए एक सकारात्मक दिशा भी तय की है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT