देवांगन समाज के चुनाव में भरत कुमार, इन्द्रेश और मीरा ने दर्ज की जीत

 






धमतरी, 12 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिला मंडल देवांगन का चुनाव रविवार को सामाजिक एवं निर्वाचन नियमावली के तहत शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। 11 वार्डों के कुल 22 मतदाताओं में से 21 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद घोषित परिणामों में मंडल अध्यक्ष पद पर भरत कुमार देवांगन ने 14 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जगदीशचंद्र देवांगन (सात मत) को आठ मतों से पराजित किया। युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष पद पर इन्द्रेश देवांगन ने 13 मत हासिल कर कोमल देवांगन (आठ मत) को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। वहीं महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पद पर मीरा देवांगन ने 16 मत प्राप्त कर खुशबू देवांगन (पांच मत) को 11 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की। संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी मोहित देवांगन (अधिवक्ता) के नेतृत्व में संपन्न हुई। सहायक चुनाव अधिकारी डाॅ. जयलाल देवांगन तथा सेवानिवृत्त प्राचार्य बृजलाल देवांगन ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सभी 11 वार्डों के अध्यक्षों एवं सचिवों का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा। चुनाव अधिकारियों ने समाजजनों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए तीनों प्रकोष्ठों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जिला अध्यक्ष विनय देवांगन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज को संगठित रखने और सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा