भगवान विश्वकर्मा की आराधना के साथ धमतरी में हुआ सामूहिक भंडारा
धमतरी, 18 सितंबर (हि.स.)। निर्माण श्रमिकों, कारीगरों और तकनीकी कामगारों के आराध्य देव भगवान विश्वकर्मा की जयंती शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। पर्व को लेकर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल रहा। अलग-अलग स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। विश्वकर्मा जयंती के दूसरे दिन शुक्रवार को शहर के बॉम्बे गैरेज क्षेत्र में विशेष आयोजन हुआ।
भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष हवन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और व्यवसाय में उन्नति की कामना की गई। पंडित एलके उपाध्यक्ष के नेतृत्व में विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इसमें बॉम्बे गैरेज क्षेत्र के दुकानदार, मोटर मैकेनिक, पार्ट्स विक्रेता और निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक शामिल हुए। हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने आहुति देकर भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाए। इसके पश्चात मोटर मैकेनिक एवं पार्ट्स विक्रेता संघ की ओर से सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में पूरी-चना सहित अन्य प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन में शामिल चीनू भाटिया ने बताया कि बॉम्बे गैरेज क्षेत्र में मोटर मैकेनिक एवं पार्ट्स विक्रेता संघ द्वारा पिछले 22 वर्षों से विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा निभाई जा रही है। प्रतिमा स्थापना और पूजा-अर्चना के बाद प्रतिवर्ष सामूहिक भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में क्षेत्र के व्यवसायियों के साथ श्रमिक और कारीगर भी उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना दिया।
हवन-पूजन के बाद आयोजित भंडारे में छोटे-बड़े सभी वर्गों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में संघ के सदस्यों और क्षेत्र के व्यवसायियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर संदीप अग्रवाल, श्रीकांत, नरेंद्र खंडेलवाल, गगन चोपड़ा, जयेश मेहता सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी, मैकेनिक, श्रमिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा