बीजापुर के जंगल में नक्सली डंप से 50 बीजीएल सेल बरामद
बीजापुर, 18 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुजारी कांकेर के जंगल में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 50 नग बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल बरामद किए गए हैं।
बीजापुर एसपी उमेश कुमार गुप्ता ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि
जिले के अंदरूनी और संवेदनशील इलाकों में शांति, सुरक्षा और विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस एवं सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में सर्चिंग के साथ डी-माइनिंग की कार्रवाई भी की जा रही है। इसका उद्देश्य नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाए गए विस्फोटकों एवं नक्सल डंप को बरामद करना है।
बीजापुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खुफिया आसूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केरिपु 196/ई की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सर्च अभियान संचालित किया गया था। अभियान के दौरान जवानों ने पुजारी कांकेर के जंगल में संदिग्ध स्थानों की पहचान कर आस-पास के इलाके की बारीकी से तलाशी ली। इसी दौरान पूर्व से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। सुरक्षाबलों ने मौके पर जांच और तलाशी के दौरान कुल 50 नग बीजीएल सेल बरामद किए। बरामद विस्फोटक सामग्री के संबंध में थाना उसूर में आवश्यक कार्रवाई की गई है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार अन्य संदिग्ध स्थानों की भी तलाश की जा रही है, ताकि नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य सामग्री का पता लगाया जा सके।
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल, सड़क, पगडंडी या अन्य किसी स्थान पर संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें। ऐसी किसी भी वस्तु को छूने, उठाने या उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश न करें। उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अन्य लोगों को भी उस स्थान से दूर रहने की सलाह दें। आम नागरिकों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना किसी बड़ी दुर्घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे