बेहतर रेल संपर्क व नई ट्रेन सेवाओं से बदलेगा बस्तर का भविष्य, कांग्रेस ने वर्षों तक रखा उपेक्षित - महेश कश्यप
जगदलपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने आज बुधवार काे जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि लोकसभा में बस्तर की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजनाओं, नई ट्रेन सेवाओं और रेलवे अधोसंरचना के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना की प्रगति, बस्तर क्षेत्र के लिए नई ट्रेन सेवाओं के संचालन, किरंदुल–विशाखापट्टनम रेलखंड पर यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा जगदलपुर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस सरकारों ने बस्तर को रेल सुविधाओं से वंचित रखा। यदि समय रहते बस्तर को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों से प्रभावी रेल संपर्क उपलब्ध कराया गया होता, तो क्षेत्र का औद्योगिक, आर्थिक, शैक्षणिक और पर्यटन विकास कहीं अधिक तेज गति से होता। उन्होंने कहा कि अब मोदी सरकार बस्तर की दशकों पुरानी उपेक्षा को समाप्त करते हुए विकास की नई पटरी बिछा रही है।
उन्होंने बताया कि लोकसभा में पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रावघाट–जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना लगभग 140 किलोमीटर लंबी है, जिसे 3,513 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना के लिए आवश्यक 818 हेक्टेयर भूमि में से अब तक 249 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर–पल्ली–कुरकानार खंड में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि रावघाट–कुरकानार खंड में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। भूमि उपलब्ध होते ही शेष हिस्सों में भी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि बस्तर क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न नई रेल लाइनों का सर्वेक्षण कराया गया है। वर्तमान में जगदलपुर से 10, जबकि दंतेवाड़ा और किरंदुल से 4-4 रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में नई ट्रेनों का संचालन यात्रियों की मांग, परिचालन क्षमता और आवश्यकताओं के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जगदलपुर रेलवे स्टेशन का विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इस योजना के तहत स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नए स्टेशन भवन, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म उन्नयन, आधुनिक प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफॉर्म शेल्टर सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अन्य निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
लोकसभा में मिले जवाब के बाद सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर में रेल नेटवर्क का विस्तार, नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत और आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है और रेल अधोसंरचना के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना के पूरा होने, नई रेल सेवाओं के विस्तार और जगदलपुर स्टेशन के आधुनिकीकरण से बस्तर में व्यापार, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे बस्तर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे