कोरिया: दूरस्थ अंचलों तक पहुँची बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, जांच और उपचार से मरीजों को मिली राहत

 




कोरिया, 09 जनवरी (हि.स.)। कोरिया जिले के दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रयासों का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। रामगढ़ जैसे वनांचल क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है, वहीं सोनहत और बुढ़ार के स्वास्थ्य केंद्रों में जांच, उपचार और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता से मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिलेभर में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 17 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी कराई गई, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जरूरी जांच समय पर संभव हो सकी।

कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने अभियान की प्रभावी निगरानी के निर्देश देते हुए कहा है कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर आवश्यक जांच और उपचार उपलब्ध हो। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवाओं की पहुंच और मजबूती बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और अभियानों के माध्यम से अब तक हजारों महिलाओं को लाभ पहुंचाया गया है। समय रहते उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान होने से कई महिलाओं को समुचित उपचार मिल सका है, जिससे मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिली है। जिला प्रशासन मातृत्व स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह