परशुरामपुर स्कूल में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

 


सूरजपुर, 17 अगस्त (हि.स.)।विकासखंड रामानुजनगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परशुरामपुर में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत आज सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा तथा उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। इस दौरान निबंध एवं नारा लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों से चर्चा की। बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बच्चों को कम उम्र में विवाह से होने वाली सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बारे में बताया गया। साथ ही बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक रहने की अपील की गई

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपात स्थिति में सहायता लेने के लिए 1098, 181, 112 और 1930 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। बताया गया कि परेशानी या खतरे की स्थिति में इन माध्यमों से शिकायत दर्ज कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में बालिकाओं और महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना तथा सखी वन स्टॉप सेंटर सहित महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं और कानूनों के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की करियर काउंसलिंग भी की गई। उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने तथा पढ़ाई के साथ रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को जागरूकता से संबंधित ब्रोशर भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण हब से वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ फरजाना, जेंडर विशेषज्ञ पूनम राजवाड़े, साइबर सेल से रॉय सिंह सहित विद्यालय के प्राचार्य चंद्र विजय सिंह, नरेंद्र कुमार शुक्ला, श्वेता, मीथिला राजवाड़े, बाल साय चक्रधर एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय