धमतरी का बेंद्रानवागांव बना ‘हर घर जल’ प्रमाणीकृत ग्राम, विकासखंड का 137वां गांव
धमतरी, 30 सितंबर (हि.स.)। घर-घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में धमतरी विकासखंड के ग्राम बेंद्रानवागांव ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। गांव को आधिकारिक रूप से ‘हर घर जल’ प्रमाणीकृत ग्राम घोषित किया गया है। इसके साथ ही बेंद्रानवागांव धमतरी विकासखंड का 137वां प्रमाणीकृत गांव बन गया है।
योजना के माध्यम से गांव के प्रत्येक परिवार तक नल के जरिए पेयजल की पहुंच सुनिश्चित की गई है। योजना का कार्य पूर्ण होने के बाद ग्राम पंचायत के सरपंच ने 24 सितंबर को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को इसकी सूचना दी थी। इसके बाद 30 सितंबर को विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों, सचिव, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों ने भाग लिया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को जलापूर्ति व्यवस्था, संचालन और रखरखाव की जानकारी दी। ग्रामीणों की संतुष्टि के बाद सरपंच ने विभाग को प्रमाणीकरण संबंधी दस्तावेज सौंपे और विभाग की ओर से योजना का हस्तांतरण पत्र ग्राम पंचायत को जारी किया गया। अब जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन और संधारण की जिम्मेदारी ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति यानी पानी समिति संभालेगी।
पंचायत ने इसके लिए प्रति परिवार 70 रुपये प्रतिमाह जल कर निर्धारित किया है। इस राशि का उपयोग बिजली बिल के भुगतान के साथ पंप ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन और प्लम्बर की सेवाओं के भुगतान में किया जाएगा। ग्रामीणों की सहभागिता से संचालित यह व्यवस्था गांव में जल संरक्षण, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा