धमतरी में बंगाली नववर्ष का रंगारंग उत्सव, परंपरा और संस्कृति की झलक से सजा कार्यक्रम

 






धमतरी, 16 अप्रैल (हि.स.)। शहर के कर्मचारी भवन में धमतरी बंगाली समाज द्वारा गुरुवार को नववर्ष का उत्सव बड़े उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज अध्यक्ष संजय भट्टाचार्य और संचालन सचिव दिनेश डे ने किया। वरिष्ठ सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और श्रद्धा का संचार हुआ।

माँ शारदा बंग महिला की अध्यक्ष मुक्ता नाग चौधरी ने बंगाली नववर्ष की पारंपरिक शुरुआत की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन घर-घर में विशेष पूजा-अर्चना होती है। सुबह स्नान के बाद महिलाएं पूजा करती हैं, परिवार के सभी सदस्य एक-दूसरे को प्रणाम कर मुंह मीठा करते हैं और नए वस्त्र धारण करते हैं। व्यापारियों के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है, जब वे “हालखाता” के रूप में अपने नए खाते की शुरुआत करते हैं।

सांस्कृतिक प्रभारी रंजना भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में बच्चों और महिलाओं ने गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से रवींद्रनाथ टैगोर की नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए पारंपरिक बंगाली व्यंजनों का आनंद लिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में मधुमिता डे, लिपी, दीपा, बनानी, प्रियंका, इशिता डे, नुपुर मुखर्जी, प्रियोम, पिहू, बिथी, इंदु, रचना दास, संपा हाजरा, छाया और मानोव पतिकार सहित अनेक सदस्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा