लेमरू में झरने के पास भालू का हमला, 13 वर्षीय बच्चे को किया घायल
कोरबा, 20 सितम्बर (हि. स.)। जिले के लेमरू वन क्षेत्र में झरने के पास आज रविवार शाम अचानक भालू के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एक एनजीओ की टीम किसी कार्य के सिलसिले में क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान एक गांव के समीप झरने के पास कुछ ग्रामीणों के साथ टीम के सदस्य मौजूद थे। अचानक वहां भालू पहुंच गया और लोगों पर हमला करने की कोशिश की। भालू को देखते ही मौके पर मौजूद ग्रामीण और एनजीओ टीम के सदस्य अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने लगे।
इसी दौरान भालू ने करीब 13 वर्षीय एक बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। भालू ने बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। बच्चे को भालू के चंगुल में फंसा देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण भालू को मौके से खदेड़ने में सफल हुए और घायल बच्चे को उसके चंगुल से बाहर निकाला।
घटना के बाद बच्चे को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया। वन विभाग की टीम ने घायल बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। घटना के संबंध में सामने आए वीडियो में अस्पताल के पास मौजूद एक व्यक्ति भी घटनाक्रम की जानकारी देता दिखाई दे रहा है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक घायल बच्चे की पहचान, उसका गांव और उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी थी। वन विभाग की ओर से भी घटना की विस्तृत पुष्टि और बच्चे की स्थिति के संबंध में जानकारी सामने आना बाकी है।
घटना को लेकर यह भी बताया जा रहा है कि भालू के अचानक हमला करने के बाद एनजीओ से जुड़े लोग मौके से भाग गए, जबकि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने के लिए प्रयास किया। इस संबंध में एनजीओ की भूमिका और टीम के सदस्यों के वहां मौजूद होने के कारणों की भी जानकारी सामने आना बाकी है।
लेमरू क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है और वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण आसपास के ग्रामीणों को अक्सर सावधानी बरतनी पड़ती है। इस घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर ग्रामीणों की सुरक्षा और वन्यजीवों की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और लोगों को वन्यजीवों से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी