स्वदेशी के संकल्प के साथ दौड़ा बस्तर, 18 से लालबाग मैदान में सजेगा स्वदेशी मेला
जगदलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। स्वदेशी अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज शनिवार काे जगदलपुर में ‘रन फॉर स्वदेशी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बस्तर सांसद महेश कश्यप और महापौर संजय पांडे सहित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और स्वदेशी जागरण मंच की टीम ने इसमें सहभागिता की। कार्यक्रम के जरिए लोगों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्थानीय उद्यमों को मजबूत बनाने की अपील की गई।
इस पहल की अगली कड़ी में 18 से 25 अक्टूबर तक जगदलपुर के लालबाग मैदान में स्वदेशी मेले का आयोजन होगा। मेले में स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ स्थानीय कारीगरों, व्यापारियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का अवसर मिलेगा। यह आयोजन स्थानीय बाजार को मजबूती देने और स्वदेशी वस्तुओं के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में श्याम सोमानी, किशोर पारेख, डॉ. राम राकेश जांगिड, लक्ष्मण झा, अनिल लुक्कड़, एमआईसी सदस्य, स्वदेशी जागरण मंच के प्रतिनिधि, विभिन्न पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संदेश साफ है,स्वदेशी अपनाएं, स्थानीय कारोबार बढ़ाएं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बनें। लालबाग मैदान में लगने वाला स्वदेशी मेला इसी संकल्प को आगे बढ़ाने का मंच बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे