खोरखोसा सेवा सेतु शिविर में बस्तर सांसद ने हितग्राहियों को सौंपी योजनाओं की सौगात
जगदलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम खोरखोसा में आज रविवार काे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 'सेवा सेतु' शिविर का आयोजन संपन्न हुआ। इस विशेष शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप शामिल हुए, जबकि जनपद अध्यक्ष श्री संतोष बघेल सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शासन की प्राथमिक मंशा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी कड़ी में शिविर स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 05 पात्र परिवारों को उनके पक्के आशियाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां सौंपी गईं, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 04 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
ग्रामीणों की बुनियादी आवश्यकताओं और आर्थिक सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए शिविर में 10 ग्रामीणों को आयुष्मान भारत कार्ड तथा 2 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दस्तावेज वितरित किए गए। भूमि के वैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में स्वामित्व योजना के तहत 12 हितग्राहियों को उनके अधिकार अभिलेख सौंपे गए, साथ ही बालिका शिक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया गया।
इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल एवं उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया गया, जिसमें स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री श्वेता वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे