बस्तर आईजी ने किया शस्त्रागार, परिवहन शाखा, स्टोर सहित रक्षित केंद्र का किया निरीक्षण
जगदलपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा द्वारा आज शनिवार काे रक्षित केंद्र, जगदलपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमितकुमार, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशलूर, भानपुरी, लोहंडीगुड़ा सहित सभी स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस महानिरीक्षक के रक्षित केंद्र पहुंचने पर परेड में सम्मिलित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा परेड प्रस्तुत की गई। परेड में लगभग 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। आईजी बद्री नारायण मीणा द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने बल के टर्नआउट, अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता की सराहना की तथा पुलिस बल को उच्च स्तर की तत्परता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया गया। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा शस्त्रागार, परिवहन शाखा, स्टोर सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शाखाओं में उचित रखरखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना गया। आईजी द्वारा समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा पुलिस कर्मचारियों के कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। पुलिस महानिरीक्षक ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल की मुस्तैदी, तत्परता एवं उच्च स्तरीय अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे