बस्तर के 12 खिलाड़ी राष्ट्रीय रग्बी में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे

 


जगदलपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर के स्कूली खिलाड़ियों ने रग्बी फुटबॉल में अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए राष्ट्रीयस्तर पर जगह बनाई है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटलोहगा के 12 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम में हुआ है। यह खिलाड़ी 23 से 28 अक्टूबर तक दिल्ली में होने वाली प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीयस्तर पर पहुंचने वाले इन खिलाड़ियों को अब दूसरे राज्यों की टीमों के साथ मुकाबला करने और अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

रग्बी फुटबॉल में तेजी, शारीरिक दमखम, टीम के बीच तालमेल और सही समय पर निर्णय लेने की अहम भूमिका होती है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अपने कौशल को परखने और अनुभव हासिल करने का मौका भी होगी। इस उपलब्धि के साथ बस्तर के कोच मोहम्मद साहिबा को छत्तीसगढ़ टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। एक ही विद्यालय के खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में चयनित होने से क्षेत्र में स्कूली खेल प्रतिभाएं सामने आई है। राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता दिल्ली में आयोजित होगी। उपलब्ध सूची के अनुसार चयनित खिलाड़ियों में कुमारी संजना, प्रतिमा, छनेंद्री, बबीता यादव, दीक्षा, यानवी, अनीता पोड़ियामी, उमेश कुमार, तरुण कुमार, पवन कुमार, शंभूनाथ, करण देव, राजेश कुमार ठाकुर और चित्रांश बघेल शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे