बस्तर में गूंजेगा 'वंदे मातरम' 17 अगस्त तक आयोजित होगा 'हर घर तिरंगा' अभियान
जगदलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान और राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ को जन-उत्सव के रूप में मनाने की भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले के ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके तहत जिले में 15 अगस्त तक 'वंदे मातरम' विशेष कार्यक्रम तथा आज रविवार से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान का आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस भव्य आयोजन के दौरान जिले के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में उत्साह के साथ तिरंगा यात्राएं और बाइक तथा साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी, जिनकी शुरुआत सामूहिक 'वंदे मातरम' गायन से होगी। इन रैलियों और यात्राओं में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, पुलिस बल, एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स की सक्रिय सहभागिता रहेगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों और युवाओं में फिटनेस व देशभक्ति का संदेश देने के लिए तिरंगा मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के सहयोग से 'वंदे मातरम' थीम पर आकर्षक विशाल तिरंगा रंगोलियां सजाई जाएंगी और 3:2 के अनुपात में 'तिरंगा कैनवास' स्थापित किए जाएंगे, जहां आम नागरिक अपनी भाषा में जय हिंद या हर घर तिरंगा लिखकर अपने उद्गार व्यक्त कर सकेंगे ।
इस अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को 'विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस' के रूप में बेहद संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा। इस दिन स्थलों की सजावट में सफेद फूलों और सफेद रंग का उपयोग किया जाएगा, 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी और संध्या काल में मौन कैंडल मार्च निकाला जाएगा। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में इस विषय पर आधारित विशेष प्रदर्शनी व डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित करने का आग्रह करते हुए समस्त जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों में गौरव के साथ तिरंगा फहराएं तथा इस राष्ट्रीय पर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे