नारायणपुर से निकली बस्तर तिरंगा यात्रा पहुंची हलामी मुंजमेटा, बलिदानियाें को दी श्रद्धांजलि

 


जगदलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भाजपा नेताओं की 3 दिवसीय बस्तर तिरंगा यात्रा बुधवार काे नारायणपुर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान बलिदान जवानों की शहादत वाली जगहों की मिट्टी भी लाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं केबीनेट मंत्री व नारायणपुर के विधायक बाइक चलाकर यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में बाइक राइडर और महिला बाइकर्स भी शामिल हुए हैं। यात्रा दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के संवेदनशील इलाकों बुरकापाल, मिनपा-ताड़मेटला, जगरगुंडा, सिलगेर और टेकलगुड़ेम से होकर गुजरेगी।समाचार लिखे जाने तक राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर नारायणपुर से बीजापुर के करेगुटालू तक निर्धारित ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ आज नारायणपुर से हलामी मुंजमेटा पहुंची। रैली के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री तथा स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने सभी के साथ भारत माता की जयकारे लगते हुए आगे बढ़े। हलामी मुंजमेटा पहुंचने पर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने नक्सल हिंसा में बलिदान हुए जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर हलामी मुंजमेटा में नक्सली हमले में बलिदान हुए स्व. बलिराम पोटाई, स्व. संतोष श्रीमाली, स्व. सोमारू राम वट्टी, स्व. अब्दुल वाहिद खान काे श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। यह पहल बलिदानियाें की वीरगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति को एक साथ जोड़ने का संदेश देती है। सभी ने अमर बलिदानियाें के बलिदान को याद करते हुए उनकी याद में नारे लगाए और बलिदानियाें की शहादत की याद में गांव के सरपंच ने गांव की पवित्र मिट्टी प्रदान किया। जिसे शहीद संग्रहालय में रखा जायेगा।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि गांव में कोई मेहमान आएंगे तो कोई रोक टोक नहीं होगी, अब मेला मड़ई रोकने वाला कोई नहीं, अब आपको परेशान करने वाला कोई नहीं, अब आपके घरों को लूटने वाला कोई नहीं है। बाबा साहेब के लिखे भारत के संविधान में इतनी ताकत है कि सभी को आगे लेकर जाए। अब संविधान को लागू होने से रोकने वाला कोई नहीं है। स्वतंत्रता दिवस पर खुशी मनाने के लिए सिर्फ बाइक रैली में ही शामिल होना जरूरी नहीं । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप हर घर में तिरंगा लगाया जाना है, क्योंकि अब किसी को घर में तिरंगा लगाने से रोकने वाला कोई नहीं है। यात्रा का मकसद उन इलाकों तक तिरंगा लेकर पहुंचना है, जहां कभी नक्सलियों के डर से आम लोगों का पहुंचना मुश्किल माना जाता था। जहां जवानों के बलिदान की कहानियां जुड़ी हैं, वहां की मिट्टी सहेजी जाएगी। शहीदों को नमन किया जाएगा, पौधे लगाए जाएंगे और युवाओं से संवाद होगा। यानी जिन रास्तों पर कभी बंदूक और बारूद की चर्चा होती थी, वहां अब तिरंगा, राष्ट्रगान और शांति का संदेश सुनाई देग

रैली में लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम और अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर डोमन सिंह, बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा, नारायणपुर कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे