बस्तर गोंचा महापर्व की निर्विघ्न संपन्नता पर आरण्यक ब्राह्मण समाज ने आभार व्यक्त किया

 


जगदलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। बस्तर गोंचा महापर्व के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर शनिवार काे 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे तथा गोंचा महापर्व समिति के अध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडे ने समस्त श्रद्धालुओं के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

वेदप्रकाश पांडे ने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण एवं सहभागिता से बस्तर की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा का यह महापर्व शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समाज ने आगामी दिनों में श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक पर्वों एवं आयोजनों में भी इसी प्रकार सहयोग एवं सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की है।

वेदप्रकाश पांडे ने बताया कि देवशयनी एकादशी के साथ ही बस्तर गोंचा महापर्व का पारायण संपन्न हो गया है तथा इसके साथ ही मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया है। अब आगामी देवउठनी (प्रबोधिनी) एकादशी, जो 20 नवंबर को है, से पुनः मांगलिक कार्य प्रारंभ होंगे। इस अवधि में, आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी से लेकर कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तक श्रीजगन्नाथ मंदिर में भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु की नियमित आराधना, हवन, पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान निरंतर जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे