कुकरेल के नव निर्मित तहसील भवन में शीघ्र पूर्ण की जाए मूलभूत सुविधाएं : कलेक्टर
कुकरैल में नव निर्मित तहसील भवन का निरीक्षण
धमतरी, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के कुकरैल में निर्मित नए तहसील कार्यालय भवन का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से तहसील से लाभान्वित होने वाले गांवों की जानकारी ली और नागरिकों को सरल व सुलभ राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने भवन में शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से विद्युत व्यवस्था, चारदीवारी निर्माण और पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किए जाएं, ताकि भवन को जल्द से जल्द विभाग को सौंपा जा सके और क्षेत्रवासियों को इसकी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नए तहसील कार्यालय के प्रारंभ होने से ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा आमजन को त्वरित सेवाएं मिलेंगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह ठाकुर, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन अभियंता राठौर, अनुविभागीय अधिकारी नगरी मनोज मरकाम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जगरानी एक्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा