बरियों में महतारी सदन का लोकार्पण, छठ घाट पर विधायक ने किया श्रमदान
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने आज सोमवार को ग्राम बरियों में महतारी सदन का लोकार्पण कर इसे ग्रामीणों को समर्पित किया। महतारी सदन के माध्यम से महिलाओं और समुदाय को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर विधायक ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान विधायक, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने छठ घाट परिसर में सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की।
कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय