बरबसपुर में सोलर हाईमास्ट से रोशन हुआ चौक, डीएमएफ की पहल से ग्रामीणों को रात में आवागमन की सुविधा

 


कोरबा, 8 अक्टूबर (हि. स.)। कोरबा विकासखंड के ग्राम बरबसपुर में डीएमएफ (जिला खनिज संस्थान न्यास) की पहल से ग्रामीणों को रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था की सुविधा मिली है। गांव के मुख्य चौक पर क्रेडा विभाग द्वारा सोलर हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है। इससे चौक, सड़क और आसपास के हिस्सों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो रही है, जिससे ग्रामीणों के रात में आवागमन के साथ सुरक्षा में भी सहूलियत हुई है।

सोलर हाईमास्ट लगने से पहले बरबसपुर चौक और आसपास के क्षेत्र में शाम के बाद पर्याप्त रोशनी नहीं रहती थी। अंधेरा होने के बाद ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती थी। खेतों और आसपास के इलाकों की ओर जाने वाले लोगों को रास्ते में सांप-बिच्छू और अन्य जंगली जीव-जंतुओं का डर भी बना रहता था। विशेषकर पैदल आने-जाने वाले ग्रामीणों के लिए रात में रास्ता तय करना चुनौतीपूर्ण रहता था।

अब सोलर हाईमास्ट की रोशनी से बरबसपुर चौक और आसपास का क्षेत्र रात में जगमगा रहा है। सड़क और रास्ते स्पष्ट दिखाई देने से ग्रामीणों को पैदल आवागमन में सुविधा मिल रही है। शाम के बाद जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को भी पहले की तुलना में अधिक सहूलियत हो रही है।

सोलर ऊर्जा से संचालित होने के कारण हाईमास्ट लाइट के लिए नियमित बिजली आपूर्ति पर निर्भरता कम हुई है। इसके संचालन में बिजली बिल का अतिरिक्त खर्च भी नहीं आता। वहीं, बैटरी बैकअप की सुविधा के कारण मौसम खराब होने या विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।

ग्रामीणों के अनुसार, पहले शाम होते ही चौक और आसपास की सड़कें अंधेरे में डूब जाती थीं। रात में रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता था और खेतों की ओर जाने में सांप-बिच्छू समेत अन्य जीव-जंतुओं का डर रहता था। हाईमास्ट लगने के बाद चौक और सड़क पर पर्याप्त रोशनी मिलने से रात में आने-जाने में काफी सुविधा हो रही है। ग्रामीणों ने दूरस्थ क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की पहल के प्रति आभार जताया है।

डीएमएफ की राशि से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था विकसित किए जाने से बरबसपुर जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिल रही है। इससे ग्रामीणों को सुविधा के साथ रात के समय सुरक्षित आवागमन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी