शिक्षकों की वीएसके ऐप पर हाजिरी अनिवार्य, बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर रुकेगा वेतन
बलरामपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए उन्होंने सभी शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों को प्रतिदिन वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सूचना अनुपस्थित रहने या ऐप में हाजिरी दर्ज नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उनका वेतन भी रोका जा सकता है।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को उपस्थिति व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीईओ स्वयं वीएसके ऐप पर लॉगिन कर अपने विकासखंड के स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति की प्रतिदिन जांच करेंगे। बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले या उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी, बीईओ, प्राचार्यों और आहरण-संवितरण अधिकारियों को सौंपी गई है।
अवकाश व्यवस्था को भी वीएसके ऐप से जोड़ दिया गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों के अवकाश आवेदन पर तत्काल स्वीकृति या अस्वीकृति की कार्रवाई कर इसकी जानकारी ऐप में दर्ज की जाए। बिना अवकाश स्वीकृत कराए स्कूल से अनुपस्थित रहने को गंभीर लापरवाही माना जाएगा। इसके साथ ही सेवानिवृत्त, दिवंगत और स्थानांतरित कर्मचारियों के नाम सीजीस्कूल पोर्टल और वीएसके ऐप से तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि ऑनलाइन रिकॉर्ड अद्यतन रहे।
बैठक में नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं कर पाने का मुद्दा भी उठा। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निरापुरे ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग ने सीजीवीएसके ऐप को अपग्रेड कर ऑफलाइन मोड और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा उपलब्ध कराई है। अब शिक्षक बिना इंटरनेट के भी स्कूल परिसर में चेक-इन कर सकेंगे। उपस्थिति की तारीख, समय, बायोमेट्रिक सत्यापन और जीपीएस लोकेशन का डेटा मोबाइल में सुरक्षित रहेगा और नेटवर्क उपलब्ध होते ही मुख्य सर्वर से अपने आप सिंक हो जाएगा। इससे नेटवर्क की समस्या के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं होने की परेशानी दूर होगी।
बैठक में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मिशन आचार्य के तहत स्कूलों में स्टडी कॉर्नर विकसित करने और विद्यार्थियों में प्रतिदिन 20 मिनट पढ़ने की आदत विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं का पाठ्यक्रम निर्धारित समय में पूरा कराने तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों के आधार पर कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों के लिए अलग कार्ययोजना बनाने को कहा।
विद्यार्थियों को अध्यायवार तैयारी कराने, ब्लूप्रिंट के आधार पर उत्तर लेखन का अभ्यास कराने और प्रत्येक सप्ताह टेस्ट सीरीज आयोजित कर परिणामों का विश्लेषण करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने अतिरिक्त कक्षाओं और विशेष शिक्षण गतिविधियों की जानकारी लेते हुए अपार आईडी के तहत सभी विद्यार्थियों का पंजीयन शत-प्रतिशत पूरा कराने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण और सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा की तैयारी को देखते हुए अनावश्यक अवकाश पर नियंत्रण रखने तथा स्कूलों में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। आगामी समीक्षा बैठक में स्कूलवार उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन और परीक्षा परिणामों में सुधार दिखाई देना चाहिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निरापुरे, सहायक जिला परियोजना अधिकारी ओम प्रकाश गुप्ता, डीपीओ साक्षर भारत हीरालाल पटवा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय