बलरामपुर जिले में 5.46 लाख मतदाता, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन आज गुरुवार को कर दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रकाशित सूची में जिले के कुल 5 लाख 46 हजार 133 मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची का प्रकाशन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों के साथ सभी मतदान केंद्रों में किया गया है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी फोटोयुक्त और बिना फोटो वाली मतदाता सूची की सीडी की एक-एक प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल सिदार ने बताया कि प्रतापपुर (आंशिक) विधानसभा क्षेत्र में कुल एक लाख 20 हजार 179 मतदाता हैं। इनमें 59 हजार 248 महिला और 60 हजार 931 पुरुष मतदाता शामिल हैं। रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 12 हजार 254 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें एक लाख 4 हजार 609 महिला, एक लाख 7 हजार 637 पुरुष और 8 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। वहीं, सामरी विधानसभा क्षेत्र में दाे लाख 13 हजार 700 मतदाता हैं। इनमें एक लाख 6 हजार 935 महिला, एक लाख 6 हजार 764 पुरुष और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। जिले में सेवा मतदाताओं की संख्या 368 है।
उन्होंने बताया कि 21 फरवरी 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतिम प्रकाशन के बाद से जिले में 10 हजार 144 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। रामानुजगंज और सामरी विधानसभा क्षेत्रों में 302-302 मतदान केंद्र हैं। वहीं, प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के 168 मतदान केंद्रों की मतदाता सूची का प्रकाशन सूरजपुर जिले द्वारा किया गया है।
प्रारंभिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी तरह का सुधार कराने के लिए पात्र नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी के पास आवेदन जमा किया जा सकता है। नए मतदाता के पंजीयन के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार, स्थानांतरण, ईपिक कार्ड की दूसरी प्रति और दिव्यांगता संबंधी पंजीयन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
दावा-आपत्ति से जुड़े आवेदन ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप और voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी जमा किए जा सकते हैं। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ ही एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले नागरिक भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
पंजीयन के बाद मतदाता अपना ई-ईपिक कार्ड निर्वाचन आयोग के पोर्टल या मोबाइल ऐप से डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं, ईपिक कार्ड की भौतिक प्रति स्पीड पोस्ट के माध्यम से उनके घर पहुंचाई जाएगी। मतदाता ईसीआईएनईटी के जरिए अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1950 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट होने पर जिला मजिस्ट्रेट और उसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय