बलरामपुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर जलेगा ‘एक दीप साक्षरता का’, जिलेभर में चलेगा जागरूकता अभियान

 

बलरामपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत दीपावली की पूर्व संध्या पर जिलेभर में ‘एक दीप साक्षरता का’ अभियान चलाया जाएगा। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि शाम 6:30 से 7:30 बजे तक जिले के विभिन्न शासकीय संस्थानों और साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलित कर शत-प्रतिशत साक्षरता का संकल्प लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2026-27 तक राज्य को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी उद्देश्य से अशिक्षित वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और समाज में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह पहल की जा रही है। अभियान की तैयारियां कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण की अध्यक्ष चंदन संजय त्रिपाठी तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की जा रही हैं।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर और जागरूक समाज की नींव है। दीपावली प्रकाश का पर्व है और इस अवसर पर अशिक्षा का अंधकार दूर करने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों से अभियान में भाग लेने तथा अपने आसपास कम से कम एक असाक्षर व्यक्ति को पढ़ना-लिखना सिखाने का संकल्प लेने की अपील की।

अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों और सभी साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ साक्षरता की शपथ ली जाएगी। इसकी तैयारियों और गतिविधियों के समन्वय के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, एबीईओ, संकुल समन्वयकों, स्कूल प्राचार्यों तथा ग्राम और वार्ड प्रभारियों के लिए यू-ट्यूब पर वेबिनार भी आयोजित किया जाएगा।

संकुल समन्वयक और ग्राम-वार्ड प्रभारी शिक्षक एवं स्वयंसेवी शिक्षकों के सहयोग से उल्लास ऐप पर पंजीकृत स्वयंसेवी शिक्षकों और असाक्षर लोगों के बीच शिक्षा के महत्व का प्रचार करेंगे। अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय