बलरामपुर : जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा

 


बलरामपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित के कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से आज सोमवार काे संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने वीबी जी रामजी योजना की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक रोजगार स्वीकृत करने और पात्र हितग्राहियों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के बेहतर संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया।

पुनर्वास नीति-2025 की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नक्सल प्रभावित परिवारों, आत्मसमर्पित नक्सलियों, नक्सली हिंसा में घायल नागरिकों और संपत्ति क्षति से प्रभावित पात्र हितग्राहियों तक शासन की सभी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित नहीं रहने देने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने सभी प्रधान पाठकों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने, विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा मध्यान्ह भोजन में हरी सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक, गणवेश और सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलों का शत-प्रतिशत वितरण जल्द पूरा करने को कहा।

बैठक में जाति और आय प्रमाण-पत्र शिविरों के सफल संचालन, यूडीआईडी कार्ड के शत-प्रतिशत पंजीयन, स्कूल जतन योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा खाद-बीज की उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और विकासखंडवार एग्रीस्टैक पंजीयन की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजी पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नामांतरण, बंटवारा, लंबित राजस्व प्रकरणों और पेंशन संबंधी मामलों का शीघ्र निपटारा करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अपर कलेक्टर आरएस लाल, प्रमोद गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय