त्योहारों से पहले अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर सख्ती, एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

 




बलरामपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों और लंबित मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक ली।

बैठक में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराध, गुमशुदगी, मर्ग, चीटफंड व धोखाधड़ी, एनडीपीएस, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

एसपी ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए। उन्होंने लंबित शिकायतों और पीड़ित मुआवजा प्रकरणों के निराकरण के साथ गुमशुदा लोगों की तलाश में तेजी लाने को कहा। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश और उनके पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया गया।

एनडीपीएस मामलों की समीक्षा के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके वित्तीय नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जब्त वाहनों के राजसातीकरण तथा नशे के कारोबार में फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करने को कहा गया।

साइबर अपराधों को लेकर 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में म्यूल अकाउंट, सोशल इंजीनियरिंग, फेक एपीके, ओटीपी फ्रॉड और पॉइंट ऑफ सेल से जुड़े साइबर अपराधों की जांच पर चर्चा हुई।

महिला एवं बाल अपराधों की समीक्षा में महिला संबंधी मामलों और पॉक्सो अधिनियम के प्रकरणों की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर भी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों के वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में वाड्रफनगर एसडीओपी रामअवतार ध्रुव, कुसमी एसडीओपी अलेक्सिस टोप्पो, रामानुजगंज एसडीओपी राजेश बांगड़े, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद किस्पोट्टा, डीएसपी अजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय