बलरामपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान तेज

 


नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

बलरामपुर, 27 मई (हि.स.)। बलरामपुर जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू किया है। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व और नियमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य लोगों को कचरा पृथक्करण और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाकर जिले को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना है।

इसी क्रम में जनपद पंचायत शंकरगढ़ के सभाकक्ष में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी प्रज्ञा नायक ने कहा कि बढ़ता हुआ कचरा पर्यावरण और जनस्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते वैज्ञानिक तरीके से कचरे का प्रबंधन नहीं किया गया, तो इसके दुष्परिणाम और अधिक गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक मानमति ने नियम 2026 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के तहत विशेष अधिसूचित क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, अस्पताल, स्टेडियम और पर्यटन स्थलों में कचरा पृथक्करण अनिवार्य कर दिया गया है। अब वेट वेस्ट, ड्राई वेस्ट, सेनेटरी वेस्ट और स्पेशल केयर वेस्ट को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करना जरूरी होगा।

इस दौरान जनपद पंचायत शंकरगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर जुर्माना लगाने के साथ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं विकासखंड रामचंद्रपुर और नगर पंचायत कुसमी में भी सरपंचों, सचिवों, सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों को प्रशिक्षण देकर लोगों को चार डिब्बों के माध्यम से कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल