शंकरगढ़ के आधार शिविर में पहुंचे 79 आवेदन, नाम और जन्मतिथि सुधार के सबसे ज्यादा मामले

 


बलरामपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आज गुरुवार को शंकरगढ़ जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित विशेष आधार शिविर में 79 प्रकरण प्राप्त हुए। शिविर में आधार कार्ड के नए पंजीयन, नाम और जन्मतिथि में सुधार सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए ग्रामीण पहुंचे।

जिला प्रशासन ने चिप्स के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया, ताकि नागरिकों को आधार संबंधी सुविधाएं मिल सकें और वे शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में होने वाली परेशानियों से बच सकें।

शिविर में प्राप्त आवेदनों में नाम की स्पेलिंग सुधार के 16, नाम परिवर्तन के 15, नए आधार पंजीयन के 15 और जन्मतिथि में संशोधन के 14 प्रकरण शामिल रहे। इसके अलावा बायोमेट्रिक मिलान के छह, लिंग परिवर्तन के छह, आधार निरस्तीकरण के दो और दिव्यांगजनों से संबंधित दो आवेदन प्राप्त हुए।

वहीं, सुधार की निर्धारित सीमा पार होने से संबंधित एक, आधार लॉक का एक और निष्क्रिय आधार को दोबारा सक्रिय करने का एक प्रकरण भी सामने आया। प्रशासन के अनुसार, इन आवेदनों पर नियमानुसार पंजीयन, सुधार और अद्यतन की प्रक्रिया की गई तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण की कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन ने बताया कि आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विकासखंडवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय कुसमी में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगाया जाएगा। यहां नए आधार पंजीयन के साथ नाम, जन्मतिथि सहित अन्य त्रुटियों में सुधार और बायोमेट्रिक अद्यतन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

प्रशासन ने कुसमी क्षेत्र के नागरिकों से शिविर में पहुंचकर आधार संबंधी समस्याओं का निराकरण कराने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय