साप्ताहिक बाजार स्थल पर लगा सेवा सेतु शिविर, मौके पर हुआ जनसमस्याओं का समाधान

 




बलरामपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज शनिवार को नगर पालिका परिषद बलरामपुर के साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं का समाधान कराया। जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिविर का अवलोकन किया।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अभियान के तहत चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने की प्रक्रिया की। प्राप्त आवेदनों, शिकायतों और मांगों का वर्गीकरण कर त्वरित निराकरण योग्य मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं शेष प्रकरणों की कलेक्टर स्तर पर समीक्षा कर कार्ययोजना के अनुसार निराकरण किया जाएगा। राजस्व प्रकरणों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई थी। जिले के ब्लॉक और तहसील स्तर पर भी ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एक हितग्राही को तीसरी किश्त के रूप में 50 हजार रुपये की ऋण राशि प्रदान की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिका और मितानिन को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चार महिलाओं की गोदभराई और एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लोधीराम एक्का ने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को एक ही स्थान पर योजनाओं का लाभ दिलाना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने किसानों से एग्री स्टैक पंजीयन कराने और नागरिकों से पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने का लाभ लेने की अपील की।

कलेक्टर ने शिविर में लगे सभी स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को एग्री स्टैक पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेजों और लाभों की जानकारी दी गई, जबकि विद्युत विभाग के स्टॉल पर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई।

शिविर में नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद बिरजिनिया केरकेट्टा, रीना मसीह, लक्ष्मी गुप्ता, एल्डरमैन गोपालकृष्ण मिश्रा, मनोज गुप्ता, सीएमओ दीपक एक्का सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय