सारंगवा में अंधविश्वास और कुप्रथाओं के खिलाफ प्रशासन की पहल, ग्रामीणों को किया जागरूक

 




बलरामपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के पस्ता क्षेत्र के ग्राम सारंगवा में अंधविश्वास और भ्रांतियों से जुड़े मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ग्राम पंचायत सारंगवा के पंडोपारा पहुंची और ग्रामीणों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान टोनही प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, दहेज और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि किसी महिला को टोनही बताकर प्रताड़ित करना कानूनन गंभीर अपराध है। उन्होंने लोगों से अंधविश्वास और भ्रांतियों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बीमारी या किसी अन्य समस्या की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय डॉक्टर और शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों से उपचार कराना चाहिए।

ग्रामीणों को घरेलू हिंसा और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही बाल विवाह रोकने और बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि टोनही प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, दहेज या बाल विवाह से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या महिला एवं बाल विकास विभाग को दें।

प्रशासन की इस पहल पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने गांव और समाज से अंधविश्वास तथा कुप्रथाओं को दूर करने में सहयोग करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में सरपंच, उपसरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्रभारी परियोजना अधिकारी, महिला संरक्षण अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय