बलरामपुर प्रेस क्लब में शान से लहराया तिरंगा, पत्रकारों ने लिया राष्ट्रहित में कर्तव्य निभाने का संकल्प
बलरामपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुरूप बलरामपुर प्रेस क्लब परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, पत्रकार साथी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित पत्रकारों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। समाज और शासन के बीच सेतु के रूप में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर बलरामपुर प्रेस क्लब के समस्त साथियों सहित देश और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने-अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय