बलरामपुर के नए प्रभारी डीईओ नरेंद्र निरापुरे ने संभाला पदभार, बोले- रिजल्ट पर रहेगा फोकस

 


बलरामपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के नए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निरापुरे ने आज गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रामानुजगंज में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में जिले की शिक्षा व्यवस्था और आगामी प्राथमिकताओं को लेकर अपनी बात रखी। नरेंद्र निरापुरे जिले के 50वें जिला शिक्षा अधिकारी बने हैं।

नए प्रभारी डीईओ ने कहा कि उनका मुख्य फोकस विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम को बेहतर करने पर रहेगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिले का परीक्षा परिणाम करीब 80 से 85 प्रतिशत के बीच रहा है, जिसे अब 90 प्रतिशत से अधिक तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विद्यालयों में अध्यापन व्यवस्था, विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बेहतर परिणाम के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। स्कूलों में पढ़ाई की नियमित मॉनिटरिंग के साथ विषयवार प्रदर्शन की समीक्षा कर आवश्यक सुधार पर जोर दिया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल भी मिले।

बता दें कि इससे पहले प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी का दायित्व मनीराम यादव के पास था। अब उनका स्थानांतरण अंबिकापुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य के पद पर किया गया है। मनीराम यादव के कार्यकाल के दौरान शिक्षा विभाग में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितता का मामला भी सामने आया था, जिसको लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई थी।

पदभार ग्रहण करने के बाद नरेंद्र निरापुरे के सामने जिले के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, परीक्षा परिणाम बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय