मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से गांवों तक पहुंची सुविधा, बलरामपुर-रामानुजगंज में सात रूटों पर दौड़ रही बसें
बलरामपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में 4 अक्टूबर 2025 को शुरू हुई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा का विस्तार हुआ है। आज शनिवार को जिले में योजना के तहत सात रूटों पर बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है। इन सेवाओं से गांवों को जिला मुख्यालय, शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़ने में मदद मिल रही है।
जिले में रामानुजगंज-भितरचुरा, राजपुर-नरसिंहपुर, वाड्रफनगर-रामानुजगंज, शंकरगढ़-पटना, राजपुर-कोरगी, गोबरा-बलरामपुर और राजपुर-अखोराखुर्द मार्ग पर बसें संचालित हो रही हैं। इन मार्गों से कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जनपद और जिला मुख्यालय तक आने-जाने की सुविधा मिली है।
बस सेवा शुरू होने से किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों को भी आवागमन में सुविधा हुई है। ग्रामीण अब बाजार, कृषि कार्य और सरकारी कामकाज के लिए मुख्यालय तक अपेक्षाकृत आसानी से पहुंच पा रहे हैं। वहीं विद्यार्थियों के लिए भी स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचना आसान हुआ है।
दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित परिवहन सुविधा मिलने से लोगों के समय और यात्रा खर्च में कमी आई है। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक ग्रामीणों की पहुंच बढ़ाने में भी यह बस सेवा सहायक साबित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय