बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर गढ़चिरौली के राष्ट्रीय कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ा बलरामपुर

 


बलरामपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से बलरामपुर जिला भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।

इस दौरान भानु प्रकाश दीक्षित, कृष्णा गुप्ता, दिलीप सोनी, दीनानाथ यादव, गोपाल कृष्ण मिश्र, छोटेलाल यादव, अपर कलेक्टर आरएस लाल और आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त समीक्षा जायसवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 3 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। जनजातीय बहुल बलरामपुर जिले के लिए भी यह आयोजन विशेष महत्व का रहा।

उल्लेखनीय है कि 1 से 15 नवंबर तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ हुआ। इसी क्रम में 16 नवंबर को बलरामपुर के हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय