बलरामपुर में 12 अक्टूबर को रोजगार मेला, पांच कंपनियों में 452 पदों पर भर्ती का मौका
बलरामपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन और जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला 12 अक्टूबर को जनपद पंचायत सभाकक्ष, बलरामपुर में सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। इसमें पांच निजी कंपनियां 452 पदों पर सीधी भर्ती करेंगी।
रोजगार मेले में परिश्रम रिसोर्सेज में मीटर इंस्टॉलर और पिकर पैकर के 200 पदों पर भर्ती होगी। एम/एस फायर एंड सेफ्टी डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में सिक्योरिटी गार्ड, पैकेजिंग स्टाफ, फायरमैन और वार्ड बॉय के 105 पद हैं। वहीं, बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 90 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा टैलेंटकॉर्प सॉल्यूशंस, पुणे में ट्रेनी के 50 पद और अशरफी देवी स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बलरामपुर में शिक्षक, रिसेप्शनिस्ट तथा डीईओ के सात पदों पर चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी जिलों के फ्रेशर और अनुभवी महिला-पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल या सीजी रोजगार ऐप पर अद्यतन एवं जीवित रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति के साथ दो सेट स्व-प्रमाणित छायाप्रति, पहचान पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर उपस्थित होना होगा।
रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 9685672368 पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय