अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 250 बुजुर्गों का सम्मान, कलेक्टर ने शॉल-श्रीफल भेंट कर लिया आशीर्वाद
बलरामपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आज गुरुवार को जनपद पंचायत कार्यालय बलरामपुर के सभाकक्ष में बुजुर्गों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समारोह में शामिल करीब 250 वृद्धजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और उनके स्वास्थ्य व सुविधाओं को लेकर प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कलेक्टर ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके अनुभव और योगदान से आने वाली पीढ़ियों को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान और उनकी सेवा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिले में वृद्धजनों के लिए विशेष क्लिनिक शुरू करने की योजना है, जहां पंजीयन से लेकर उपचार तक की स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बुजुर्गों को इलाज के लिए अलग-अलग जगह भटकना न पड़े।
समारोह के दौरान बुजुर्गों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। रिंग टॉस, बॉल फेंक, बैलून गेम और रिंग कैच जैसी प्रतियोगिताओं में वृद्धजनों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खेलों के दौरान उनके बीच हंसी-मजाक और उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बलरामपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय